दिनांक 03 नवम्बर 2026 को दीपावली के शुभ अवसर पर एस. एस.एल. एन. टी. महिला महाविद्यालय, धनबाद में प्राचार्या डा शर्मिला रानी के निर्देशन में दीपावली मेला एवं फैशन रैम्प शो का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सांस्कृतिक चेतना एवं आपसी सौहार्द की भावना को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:30 बजे दीपावली मेले के साथ हुआ। मेले में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर सजावटी वस्तुएँ, हस्तनिर्मित सामग्री, खाद्य सामग्री एवं दीपावली से संबंधित विभिन्न आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
इसके पश्चात दोपहर 2:30 बजे फैशन रैम्प शो का आयोजन दैनिक जागरण के तत्वावधान में किया गया। इसमें छात्राओं ने पारंपरिक एवं आधुनिक परिधानों में रैम्प वॉक प्रस्तुत किया। उनकी आकर्षक वेशभूषा, आत्मविश्वास, कला एवं अद्भुत प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा एवं व्यक्तित्व प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिला।
कार्यक्रम के अंत में स्टाल लगाने वाले को पुरस्कृत किया गया प्रथम स्थान सोहराय पेंटिंग वाला स्टाल, द्वितीय स्थान छठ पर्व से संबंधित था जिसमें एक मुस्लिम छात्रा ने भी श्रधा पूर्वक भाग लिया, तृतीय स्थान झारखंड के स्थानीय व्यंजन वाले स्टाल का था। इसके अलावा तीन कंसोलेशन पुरस्कार दिये गये। फैशन रैंप शो में स्वीटी बीएड चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा को प्रथम एवं मुस्कान बीएड फर्स्ट सेमेस्टर की छात्रा को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
इस आयोजन में महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाओं, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
