झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर श्री श्री लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट महिला महाविद्यालय, धनबाद में आज छात्राओं के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल, समसामयिक विषयों की समझ तथा आत्मविश्वास का विकास करना था।
प्रतियोगिता के लिए दो महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषय निर्धारित किए गए थे। प्रथम विषय “Jharkhand as Potential Mining Tourism Destination” (खनन पर्यटन के संभावित गंतव्य के रूप में झारखंड) तथा द्वितीय विषय “26 Years of Jharkhand: A Story of Sustainable Development” (झारखंड के 26 वर्ष : सतत विकास की एक कहानी) था।
दोनों विषयों पर छात्राओं ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचारों को प्रभावशाली, तार्किक एवं तथ्यपरक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने झारखंड की खनिज संपदा, पर्यटन की संभावनाओं, राज्य के विकास, उपलब्धियों एवं सतत विकास की चुनौतियों पर सारगर्भित विचार रखे। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं की विषयगत समझ, तर्कशक्ति, वाक्-कौशल एवं प्रस्तुतीकरण क्षमता विशेष रूप से सराहनीय रही।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ. सुमिता तिवारी एवं डॉ .कविता धीरहे शामिल थीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के विचारों, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति एवं प्रस्तुतीकरण का सूक्ष्मता से मूल्यांकन करते हुए परिणाम घोषित किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं के नाम निम्नवत हैं—
प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएँ:
- रोहिणी कुमारी-प्रथम
- नैन्सी-प्रथम
- रूपा कुमारी-प्रथम
- प्रज्ञा प्रसाद-द्वितीय
- खुशी कुमारी-प्रथम
कार्यक्रम का सफल आयोजन महाविद्यालय के प्रोफेसर इंचार्ज श्री विमल मिंज एवं डॉ. धीरज कुमार मिश्रा के कुशल संयोजन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।





