एस.एस.एल.एन.टी. महिला महाविद्यालय, धनबाद के सभागार में दिनांक 03 जुलाई 2026 को प्राचार्या डा. शर्मिला रानी के निर्देशन मे एक्सिस बैंक द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्या, शिक्षकगण तथा एक्सिस बैंक के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैंक के विशेषज्ञों ने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, फिशिंग, ओटीपी एवं पासवर्ड सुरक्षा, यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी लिंक एवं क्यूआर कोड स्कैम, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि सतर्कता एवं सही जानकारी से साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की जिज्ञासाओं का समाधान प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से किया गया। विशेषज्ञों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक सुझाव दिए तथा डिजिटल लेन-देन के समय अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक रहा।
कार्यक्रम मे महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्राएँ उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत मे प्राचार्या डा. शर्मिला रानी ने एक्सिस बैंक के प्रबंधक श्री नारायण घोष को पौधा देकर सम्मानित किया तत्पश्चात प्रोफेसर इंचार्ज बिमल मिंज सर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

