आज दिनांक 2 जुलाई 2026 को एस.एस.एल.एन.टी. महिला महाविद्यालय, धनबाद के सभागार में ‘राष्ट्रीय शिक्षुता प्रशिक्षण योजना’ (National Apprenticeship Training Scheme – NATS) के संबंध में एक करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में नवयुग अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षुओं द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय शिक्षुता प्रशिक्षण योजना (पूर्वी क्षेत्र) के ओएसडी, श्री मुहम्मद सिकंदर उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में छात्राओं को सरकारी योजनाओं, विशेष रूप से ‘एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप’ कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को स्टाइपेंड (वजीफा) की सुविधा भी प्राप्त होगी, जो उन्हें व्यावहारिक कार्य अनुभव प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।
अतिथि महोदय के मार्गदर्शन में कार्यशाला के दौरान कुल 100 छात्राओं ने NATS पोर्टल पर अपना पंजीकरण सफलतापूर्वक पूरा किया। इसके अतिरिक्त, श्री सिकंदर ने आगामी जॉब फेयर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह मेला आगामी 20 अगस्त 2026 को श्रीनाथ यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं को इस जॉब फेयर में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी ने छात्राओं को करियर के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर विमल मिंज और महाविद्यालय की NATS नोडल अधिकारी डॉ. शांता बड़ाईक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सत्र के अंत में सभी छात्राओं ने कौशल विकास के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

