विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री श्री लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट महिला महाविद्यालय, धनबाद में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इस वर्ष के थीम के अनुसार परिसर में हरसिंगार एवं गंधराज के पौधे लगाए।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Action (जलवायु कार्रवाई)” है, जो जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल देती है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शर्मिला रानी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पौधारोपण के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व को समझते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्राओं की उपस्थिति सराहनीय रही। सभी ने पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
महाविद्यालय परिवार ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही सभी को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने हेतु अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।



