धनबाद। 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर धनबाद के प्रतिष्ठित गोल्फ ग्राउंड में आयोजित भव्य परेड में इस बार एनसीसी की छात्राओं ने अपनी धमक बिखेर दी।
आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न सुरक्षा बलों और संस्थानों की टुकड़ियों ने भाग लिया, लेकिन चर्चा में रही एसएसएलएनटी महाविद्यालय की छात्राओं की टोली।
5 झारखंड गर्ल्स बटालियन एनसीसी, धनबाद की ओर से एसएसएलएनटी कॉलेज की 25 कैडेट्स ने इस भव्य परेड में भाग लिया। इस पलटन का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर (एसयूओ) अंबिका कुमारी ने किया। उनके कुशल निर्देशन में पूरी टुकड़ी ने अनुशासन और शानदार प्रस्तुति का परिचय दिया।
इस प्रतियोगिता में कुल 10 पलटनों ने भाग लिया था, जिनमें सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, धनबाद महिला पुलिस, धनबाद पुरुष पुलिस, चौकीदार, होमगार्ड , सीनियर डिवीजन बॉय एनसीसी के अलावा अन्य कई बल और संस्थान शामिल थे।
सभी ने अपनी-अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा, लेकिन एनसीसी की छात्राओं का उत्साह और अनुशासन देखते ही बनता था।
