श्री श्री लक्ष्मी नारायण महाविद्यालय में आज छात्राओं के लिए एक विशेष प्लेसमेंट ड्राइव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित कंपनी Wistron Corporation (टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के सहयोग से) ने महाविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किया।
इस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से कंपनी ने टेक्निकल ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, मोबाइल असेम्बलर तथा असेम्बली ऑपरेटर जैसे विभिन्न पदों के लिए छात्राओं का चयन करने हेतु साक्षात्कार आयोजित किया। चयनित अभ्यर्थियों को बेंगलुरु के नरसापुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कंपनी के उत्पादन केंद्र में कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा, जहाँ Apple के आईफोन मोबाइल के निर्माण से संबंधित कार्य किए जाते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कंपनी के प्रतिनिधि आसिफ़ अंसारी ने छात्राओं का दस्तावेज सत्यापन तथा साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया।
कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चयनित बारह छात्राओं को आकर्षक वेतन, पीएफ, ईएसआईसी, भोजन सुविधा, बस सुविधा तथा स्वास्थ्य बीमा जैसी विभिन्न सुविधाएँ प्रदान की जाएँगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि ऐसे प्लेसमेंट कार्यक्रम छात्राओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके व्यावसायिक कौशल के विकास में भी सहायक होते हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में महाविद्यालय के शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। महाविद्यालय प्रबंधन ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगारोन्मुख कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को बेहतर अवसर प्राप्त होते रहेंगे।
