धनबाद। आज SSLNT कॉलेज, धनबाद में राष्ट्रीय गणित दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर इंचार्ज श्री विमल कुमार ने गणित दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन, योगदान एवं गणित के क्षेत्र में उनके अद्वितीय कार्यों के बारे में छात्राओं तथा उपस्थित शिक्षकों को विस्तार से जानकारी दी।
उनके प्रेरणादायक विचारों ने विद्यार्थियों को गणित के प्रति रुचि एवं अनुसंधान की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गणित विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
छात्राओं द्वारा श्रीनिवास रामानुजन के जीवन और उपलब्धियों पर ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी सभी उपस्थित जनों ने सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणितीय चिंतन को प्रोत्साहित करना एवं भारतीय गणितज्ञों के योगदान से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने ऐसे शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
