यूजीसी द्वारा जारी पत्रांक संख्या . D.O.NO.F.91-2/2025(GS) दिनांक :- 13 नवंबर, 2025 एवं विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना पत्रांक संख्या :- BBMKU/DSW/R/2050/2025, दिनांक :- 25/11/2025 के आलोक में महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के तहत श्री श्री लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट महिला महाविद्यालय द्वारा शहर के रणधीर वर्मा चौक पर छात्राओं द्वारा एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
‘महिला सशक्तिकरण’ विषय पर केंद्रित इस नुक्कड़ नाटक में छात्राओं ने रोज़मर्रा की जिंदगी में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों, कार्यस्थल पर होने वाले यौन उत्पीड़न के प्रकार और POSH Act के तहत उन्हें प्राप्त कानूनी अधिकारों को जीवंत तरीके से प्रस्तुत किया।
नाटक का मुख्य आकर्षण आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की भूमिका को स्पष्ट करना था, जिससे पीड़ित महिलाओं को अपनी बात रखने के लिए एक सुरक्षित मंच की जानकारी मिल सके।
रणधीर वर्मा चौक पर उपस्थित राहगीरों और स्थानीय नागरिकों ने नाटक को बड़े ध्यान से देखा और छात्राओं के अभिनय की सराहना की। यह नुक्कड़ नाटक सशक्त महिला की संकल्पना, शिक्षा के महत्त्व और आत्म-निर्भरता के विचारों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने में सफल रहा।
महाविद्यालय की प्राचार्या, डॉ. शर्मिला रानी ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा हमारा उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि अपनी छात्राओं को सामाजिक रूप से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
नुक्कड़ नाटक जैसे पारंपरिक दृश्य माध्यम से कानून की जटिलताओं को सरल बनाकर जनता के बीच पहुँचाना अत्यंत प्रभावी है। यह आयोजन एक सुरक्षित और लैंगिक समानता वाले समाज के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
छात्राओं का नेतृत्व कर रही छात्रा प्रज्ञा प्रसाद (मनोविज्ञान विभाग, समसत्र चतुर्थ) ने बताया, हमें गर्व है कि हम अपनी कला के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और POSH Act के प्रति जागरूकता फैला पाए। हमारा संदेश स्पष्ट है कि अब डरने की नहीं, बोलने और अपने अधिकारों के लिए लड़ने की ज़रूरत है।
